झामुमो सरकार देश की सबसे भ्रष्ट सरकार : अमित शाह

0

विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश भाजपा की विस्तारित कार्यसमिति में हुआ शंखनाद

हेमंत सोरेन के आदिवासी कल्याण का मतलब है अपने परिवार का कल्याण

हेमंत सोरेन लैंड जिहाद, लव जिहाद करवा कर भूमि का संतुलन भी बिगाड़ रहे हैं और जनसंख्या का संतुलन भी

RANCHI: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को जेएमएम और कांग्रेस पर जमकर हमला बोला।

उन्होंने कहा कि देश भर में झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) सबसे भ्रष्ट सरकार है। कांग्रेस के एक सांसद के घर से ₹300 करोड़ मिलता है।

एक मंत्री के PA के घर ये ₹30 करोड़ मिलता है। कांग्रेस पार्टी जवाब दे कि ये पैसा किसका है? कांग्रेस ऐसे भ्रष्टाचारियों को लेकर चलती है और JMM भी उनके साथ है।

झामुमो सरकार घपले घोटालों की सरकार है। श्री शाह रांची में आयोजित विस्तृत कार्यसमिति सम्मेलन में झारखंड के 26000 कार्यकर्ताओं और नेताओं को संबोधित कर रहे थे।

श्री शाह ने कहा कि 1000 करोड़ का मनरेगा घोटाला, 300 करोड़ का जमीन घोटाला, सेना की जमीन का घोटाला, 1000 करोड़ का खनन घोटाला, 40 करोड़ का शराब घोटाला, हजारों करोड़ों का ट्रांसफर पोस्टिंग का घोटाला इस सरकार के कार्यकाल में हुआ है।

यह घोटाला और वादाखिलाफी करने वाली सरकार है। भारतीय जनता पार्टी वादाखिलाफी की एक लिस्ट लेकर राज्य की जनता के सामने जाने वाली है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से अनुरोध किया कि इस राज्य सरकार की वादाखिलाफी की लिस्ट और भाजपा के विकास कार्यों की सूची लेकर झारखंड के घर-घर में दस्तक देकर पार्टी के पक्ष में समर्थन जुटावें।

श्री शाह ने कहा कि एक आदिवासी मुख्यमंत्री आदिवासियों की चिंता करने की बजाय आदिवासियों के क्षेत्र में लैंड जिहाद, लव जिहाद कर भूमि का संतुलन भी बिगाड़ रहे हैं और जनसंख्या का संतुलन भी।

हजारों घुसपैठिए आदिवासी बच्चियों के साथ शादी करते हैं, सर्टिफिकेट प्राप्त करते हैं, भूमि खरीदते हैं।

अभी आदिवासियों की जनसंख्या घटी है। आने वाले दिनों में आदिवासियों की जनसंख्या और घटने वाली है। आदिवासियों की जनसंख्या केवल झारखंड में कम हो रही है।

आप भाजपा की सरकार बना दो, हम जनसंख्या के मामले में एक श्वेत पत्र लाकर आदिवासी भाइयों के मामले में भूमि, जनसंख्या और आरक्षण तीनों सुरक्षित करने का काम करेंगे।

श्री शाह ने कहा कि जिस प्रकार झारखंड में घुसपैठ हो रही है यह यहां की युवाओं की नौकरियां को खा रही है।

घुसपैठिए नौकरियों को प्राप्त कर रहे हैं और हेमंत सोरेन आंख मूंदकर वोट बैंक बढ़ाने में लगे हैं।

हेमंत सोरेन के आदिवासी कल्याण का मतलब है अपने परिवार का कल्याण।

श्री शाह ने कहा कि आपने तो आदिवासियों का कल्याण नहीं किया परंतु भाजपा ने इस दिशा में कई उल्लेखनीय कार्य किया है।

सबसे पहला आदिवासी मुख्यमंत्री भारतीय जनता पार्टी ने बाबूलाल जी को बनाने का काम किया।

सबसे पहले आदिवासी राष्ट्रपति बनाने का काम किया तो इसी संथाल से भारतीय जनता पार्टी ने किया।

संथाली भाषा को आठवीं अनुसूची में अटल जी ने डाला और अटल जी ने ही आदिवासी कल्याण मंत्रालय बनाया। हर स्टेशन पर संथाली में घोषणा करवाने का काम नरेंद्र मोदी ने किया।

श्री शाह ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने नरेंद्र मोदी ने ओबीसी कल्याण के लिए भी बहुत सारे काम किए हैं।

पिछड़ा वर्ग आयोग बनाया और पिछड़ों के अधिकार सुरक्षित किए। सबसे ज्यादा 27 प्रतिशत पिछड़े अगर एक मंत्रिमंडल में हैं तो वह नरेंद्र मोदी का मंत्रिमंडल है। मोदी जी ने दलितों, पिछड़ों, आदिवासियों का जो कल्याण किया है, वह किसी सरकार ने नहीं किया है।

मोदी जी ने सबसे बड़ा जो काम किया है वह देश को सुरक्षित करने का काम किया है। मैं आदिवासियों, दलितों, पिछड़ों के साथ समस्त झारखंड की जनता के लिए अपील करने आया हूं कि इस घोटालेबाज सरकार को उखाड़ कर मोदी जी के नेतृत्व में कमल फूल की सरकार बनाइए।

उन्होंने जेएमएम कांग्रेस को कहा कि वे लोग लिखकर रख लें 2024 के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की पूर्ण बहुमत की सरकार बनने जा रही है।

श्री शाह ने कहा कि भाजपा ने झारखंड बनाया और भाजपा ने विकास भी किया। विकास की बात करें तो झारखंड में 4000 करोड़ से राष्ट्रीय राजमार्ग बनाया, 15000 करोड़ दिया, 58000 करोड़ रेलवे में दिया, 1000 करोड़ एयरपोर्ट के लिए दिया, एक एम्स दिया, देवघर में एक एयरपोर्ट दिया सहित गरीब कल्याण के कई काम मोदी सरकार ने किया।

हमने विकास के साथ सुरक्षा भी दिया।

श्री शाह ने कहा कि मोदी जी झारखंड को ज्यादा ही तवज्जों देते हैं। आयुष्मान भारत योजना, मुद्रा योजना, झारखंड से लॉन्च किया।

पीएम जनमन योजना भी लॉन्च किया तो धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा के गांव से किया।

भगवान बिरसा मुंडा के गांव में जाने वाले पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी हैं।

श्री शाह ने कहा कि इंडी अलायंस वाले कहते हैं कि हमने विकास किया है। हेमंत सोरेन जी, केंद्र में 10 साल कांग्रेस ने शासन किया और 10 साल भाजपा ने, आप हिसाब लेकर आइए, मैं तो भाजपा का हिसाब लेकर आया हूं।

10 साल में कांग्रेस ने झारखंड के विकास के लिए 84 हजार करोड़ रुपया दिया जबकि  नरेन्द्र मोदी जी ने प्रदेश के लिए 3 लाख 84 हजार करोड़ रुपया दिया।

झारखंड को भाजपा ने बनाया और विकास भी भाजपा ने ही किया।

श्री शाह ने कहा कि बीजेपी कोई चुनाव जीतती है तो उसका कारण बूथ का कार्यकर्ता होता है जो चौबीसों घंटे सजग रहता है।

मैं आपको भरोसा देने आया हूं, चाहे मोदी सरकार हो, बाबूलाल मरांडी की सरकार हो, अर्जुन मुंडा की सरकार हो या फिर रघुवर दास की सरकार हो, भाजपा सरकार ने कुछ ऐसा नहीं किया जिससे आपको (भाजपा कार्यकर्ता) सिर झुकाना पड़े।

भाजपा सरकार ने ऐसा शासन किया है, जिससे आप (भाजपा कार्यकर्ता) जनता के बीच शान से सिर उठा कर जा पाएं।

श्री शाह ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में करोड़ों गरीबों को करोड़ों गरीबों को प्रतिमाह 5 किलो मुफ्त अनाज देने, 13 करोड़ गरीबों को गैस का सिलिंडर देने, 14 करोड़ शौचालय बनाने, घर घर बिजली, 3 करोड़ आवास और 5 लाख तक का मुफ्त इलाज की सुविधा देने का काम नरेंद्र मोदी जी ने किया।

श्री शाह ने कहा कि अभी संपन्न हुए लोकसभा चुनाव में न केवल झारखंड ने देशभर की जनता ने भाजपा का प्रचंड समर्थन किया।

60 साल बाद, इस देश के लोकतांत्रिक इतिहास में किसी एक नेता को लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री चुना गया है।

2014, 2019 और 2024, देश की जनता ने मोदी जी को लगातार तीन बार प्रधानमंत्री बनने का सौभाग्य दिया है।

श्री शाह ने कहा कि लोकतंत्र में कई लोगों में विजय के बाद अहंकार आता है।

झारखंड में भी ऐसे लोग सत्ता में बैठे हैं। परंतु पराजय के बाद अहंकार आया है ऐसा मैं पहली बार देख रहा हूं। देश में सरकार बीजेपी की बनी, चुनाव बीजेपी जीती और अहंकार कांग्रेस पार्टी को आया।

संसद संसद में राहुल गांधी का कार्यकलाप देश की जनता ने देखा। इतना अहंकार दो तिहाई बहुमत के बाद भी कोई नहीं पालता है।

इस लोकसभा चुनाव में बीजेपी को अकेले 240 सीटें मिली है। पूरे इंडी गठबंधन को इतनी सीटें नहीं, फिर किस बात का अहंकार।

कांग्रेस पार्टी को 2014, 2019 और 2024 तीनों में जितनी सीटें मिली, बीजेपी को 2024 में अकेली उससे अधिक सीटें मिली।

बीजेपी तीसरी बार जीती है और ये हार को भी मानने को तैयार नहीं हैं।

श्री शाह ने कहा कि आप किस चीज का अहंकार पाले हुए हो। देश में 12 लाख करोड़ के घपले घोटाले करने का अहंकार है, परिवारवाद चलाने का, सुरक्षा के साथ खिलवाड़ का अहंकार है या फिर तुष्टिकरण करके अन्याय करने का अहंकार है ?

श्री शाह ने कहा कि झारखंड हमेशा से नक्सलवाद से पीड़ित राज्य था, लेकिन मोदी जी ने 10 वर्षों में बिहार और झारखंड से नक्सलवाद को समाप्त किया है।

इसके पूर्व श्री शाह ने भगवान बिरसा मुंडा, परमवीर चक्र अल्बर्ट एक्का, बटुकेश्वर दत्त को नमन करते हुए अपना संबोधन प्रारंभ किया। साथ ही भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेई को भी उन्होंने प्रणाम किया।

श्री शाह ने सभी कार्यकर्ताओं के अभिनंदन के साथ राज्य की जनता का भी आशीर्वाद देने के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि झारखंड के हर बूथ से कार्यकर्ता आए हैं। मैं आप सभी का मनपूर्वक अभिनंदन करता हूं, आपकी ताकत से ही झारखंड में भाजपा 9 सीटें जीती है। मैं झारखंड की जनता का भी प्रणाम करता हूं, आभार जताता हूं। 2014 हो, 2019 हो या 2024… मोदी जी के नेतृत्व में आपने हमेशा हमारी झोली कमल से भर दी है। आपके प्यार के लिए आपको लाख-लाख बार प्रणाम।

 

*भ्रष्ट हेमंत सरकार को उखाड़ फेंके और बीजेपी की सरकार बनाने का लें संकल्प : बाबूलाल मरांडी*

 

प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने *वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य, समस्या एवम समाधान में हमारी भूमिका* नामक शीर्षक से तैयार राजनीतिक प्रस्ताव दो को सम्मेलन में सामने रखते हुए राज्य सरकार को कठघरे में खड़ा किया।

श्री मरांडी ने कहा कि झारखंड सरकार की हालत किसी से छुपी नहीं है। यहां अपराध चरम पर है। चोरी, हत्या, डकैती, अपहरण इस राज्य की पहचान बन चुकी है। प्रतिदिन 5 महिलाएं के साथ दुष्कर्म, पांच लोगों की हत्या, पांच दंगे की घटनाएं हो रही है। सबसे अधिक आदिवासी, दलित और गरीब तबके की महिलाओं के साथ दुष्कर्म हो रहे हैं।

यहां भ्रष्टाचार चरम पर है। जन्म से लेकर मृत्यु प्रमाण पत्र तक में पैसे लिए जा रहे हैं। अफसर कहते हैं कि हम पैसा देकर आए हैं हमें तो पैसा देना ही होगा।

पुलिस को सरकार टूल्स की तरह इस्तेमाल कर रही है और उन्हें वसूली में लगा दिया गया है।

बालू में खुलेआम पैसा वसूली की जा रही है।

श्री मरांडी ने कहा कि राज्य सरकार दुष्प्रचार करती है कि बीजेपी वाले आएंगे तो जमीन छीन लेंगे।

10 वर्षों से नरेंद्र मोदी की सरकार है, झारखंड में 13 वर्षों तक बीजेपी की सरकार रही, कितने आदिवासियों की जमीन छीनी गई।

यह तो उल्टा चोर कोतवाल को डांटे वाली कहावत है। जो लोग झारखंड में वर्तमान में सत्ता में बैठे हैं, वही लोग जमीन को छीन रहे हैं।

हेमंत सोरेन सबसे अधिक जमीन लूटने का रिकॉर्ड बना चुके हैं। जमीन से सबसे अधिक लोग कांग्रेस के राज में विस्थापित हुए हैं।

हमें क्षेत्र में इस दुष्प्रचार का डटकर जवाब देना चाहिए।

श्री मरांडी ने कहा कि हेमंत सोरेन सरकार विकास की वजह अपने और परिवार का विकास करने में लगी हुई है।

मोदी सरकार की योजना भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जा रही हैं। युवाओं, किसानों, बुजुर्गों, महिलाओं सभी को इस सरकार ने ठगने का काम किया है।

जेएमएम और कांग्रेस के 2019 के चुनावी घोषणा पत्र को उठाकर पूछने की जरूरत है कि उनके सारे वादों का क्या हुआ? पेंशन, ग्रीन कार्ड का क्या हुआ।

इस सरकार ने नौकरी को बेचने का काम किया है। सहायक पुलिस कर्मियों पर लाठी चलवा रही है।

आदिवासियों की जमीन को लुटा गया। आदिवासियों को जमीन से बेदखल जेएमएम कांग्रेस ने किया है।

श्री मरांडी ने कहा कि संथाल परगना में डेमोग्राफी पूरी तरह बदल चुकी है। आदिवासियों की जनसंख्या लगातार घट रही है। खास करके संथाल में आदिवासियों की जनसंख्या काफी तेजी से घट रही है।

1951 की जनगणना के अनुसार यहां 44.67 फीसदी आदिवासियों की तो मुस्लिमों की 9.44 फीसदी आबादी थी जबकि अन्य लोगों की जनसंख्या 45.9 प्रतिशत थी। वहीं यह प्रतिशत साल दर साल घटते घटते 2011 में आदिवासियों की आबादी 28.11 रह गई है जबकि मुस्लिमों की आबादी बढ़कर 22.73 फीसदी हो गई। यहीं अन्य लोगों की आबादी भी 49.2 फीसदी हो गई है। इस मामले की समिति गठित कर जांच करने की जरूरत है।

श्री मरांडी ने समाज और राष्ट्र की चिंता करते हुए इस सरकार को उखाड़ फेंकने का संकल्प लेकर जाने का सभी कार्यकर्ताओं से अनुरोध करते हुए बीजेपी के नेतृत्व में हैं नई सरकार बनाने की बात कही। उन्होंने कार्यकर्ताओं से इस सरकार को उखाड़ करने का संकल्प लेकर जाने को कहा।

श्री मरांडी ने कहा कि भाजपा को दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बनाने का श्रेय अमित शाह को जाता है। केंद्र द्वारा दो नेताओं को यहां भेजा गया है। दोनों नेता को चुनाव लड़ाने का ही नहीं चुनाव को जिताने में महारत उनको हासिल है। 2024 में बीजेपी के नेतृत्व में झारखंड में सरकार बनेगी, यह पूर्ण विश्वास है।

 

*भारतीय जनता पार्टी है तब तक संविधान और आरक्षण को कोई हाथ तक नहीं लगा सकता : बाउरी*

नेता प्रतिपक्ष अमर बाउरी ने सम्मेलन में *माननीय श्री नरेंद्र मोदी जी के लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने के ऐतिहासिक घटनाक्रम पर बधाई* नामक शीर्षक से तैयार राजनीतिक प्रस्ताव-01 को सामने रखते हुए मोदी सरकार और पूर्व की रिमोट कंट्रोल वाली सरकार का अंतर बतलाया। उन्होंने कहा कि हम सभी सौभाग्यशाली हैं कि हमने नरेंद्र मोदी जी का नेतृत्व देखा है। देश की आजादी के बाद 2014 में पहली बार कांग्रेस के बिना किसी दल की नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूर्ण बहुमत की सरकार बनी। 2014 के पहले देश की हालात किसी से छुपी नहीं है। पूरा देश निराशा के वातावरण में गोते लगा रहा था। पाकिस्तान के आतंकवादी हमारे सैनिकों का सर काट कर चले जाते थे और सरकार द्वारा पाकिस्तान को प्रेम पत्र लिखा जाता था।

श्री बाउरी ने कहा कि देश भ्रष्टाचार, महंगाई, बेरोजगारी, ध्वस्त विधि व्यवस्था से निराशा के भंवर में था। रिमोट कंट्रोल से संचालित पीएम के कारण देश की ख्याति, संप्रभुता, अस्मिता, सुरक्षा सब कुछ खतरे में थी। ऐसे समय में नरेंद्र मोदी जी के जैसा करिश्माई नेतृत्व सामने आकर 10 सालों में देश का कायाकल्प कर देते हैं। 2014 से 2019 गरीब कल्याण से लेकर सुशासन तो 2019 से 2024 तक का कार्यकाल धारा 370 हटाने, राम मंदिर निर्माण जैसे बहु प्रतीक्षित संकल्पों को पूरा करने का कार्यकाल रहा। झारखंड में भी मोदी सरकार ने विकास का नया आयाम दिया। बिजली, सड़क, नया विधानसभा, एयरपोर्ट, एम्स, मेडिकल कॉलेज का निर्माण हुआ। लोकसभा में पार्टी को 9 सीटें झारखंड से मिली। कांग्रेस-JMM की सरकार झूठ और फरेब की बुनियाद पर बनी है। जब तक देश में भारतीय जनता पार्टी है तब तक संविधान और आरक्षण को कोई हाथ तक नहीं लगा सकता। बीजेपी ने संविधान बचाने का तो कांग्रेस ने संविधान खत्म करने का काम किया। जिस दिन हिंदू अल्पसंख्यक हो जायेंगे उस दिन न संविधान बचेगा, ना लोकतंत्र बचेगा और ना बाबा साहब का नाम रहेगा। हम सबों को इंडी गठबंधन के फरेब से बचना है। 2024 विधान सभा में झारखंड से इस निकम्मी सरकार को उखाड़ फेंकना है।

 

 

 

झारखंड मुक्ति मोर्चा अब झारखंड मिटाओ मोर्चा बन गया है… शिवराज

*सोरेन सरकार झारखंड की अस्मिता मिटा रही है*

*JMM का मतलब J- जमीन माफिया, M- मर्डर माफिया, M- माईनिंग माफिया*

*हेमंत सोरेन, जमीन, मर्डर और माईनिंग माफियाओं के संरक्षक*

*झारखंड के अपने लोग अपना अधिकार मांग रहे और हेमंत सोरेन लाठिया बरसा रहे*

*सोरेन की बेईमान सरकार ने माता-बहनों का सिर्फ अपमान किया*

*झारखंड में बांग्लादेशी घुसपैठिए खुलकर खेल रहे हैं*

*भाजपा झारखंड में सुशासन लाएगी*

*अटल जी ने झारखंड बनाया, मोदी जी झारखंड सवार रहे*

 

केन्द्रीय कृषि मंत्री और झारखंड चुनाव प्रभारी श्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को केन्द्रीय गृहमंत्री श्री अमित शाह के साथ झारखंड के रांची में आयोजित विस्तृत कार्यसमिति और भाजपा कोर कमेटी की बैठक में सहभागिता की। साथ ही श्री चौहान ने भगवान बिरसा मुंडा जी की प्रतिमा पर माल्यापर्ण कर उन्हें नमन किया। विस्तृत कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करते हुए श्री चौहान ने कहा कि, 62 साल बाद ऐसा पहली बार हुआ है कि, कोई लगातार तीसरी बार देश का प्रधानमंत्री बना हो। श्रीमान नरेन्द्र मोदी जी तीसरी बार भारत के प्रधानमंत्री बने हैं। ये अद्भुत विजय है। देश में तो अभूतपूर्व विजय मिली ही है, लेकिन हम झारखंड में भी पीछे नहीं रहे। झारखंड में भाजपा ने 14 में से 9 सीटें जीती हैं और 81 में से 52 विधानसभा सीटों पर विजय पताका लहराया है, ये इस बात का संदेश है कि, झारखंड की जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी और भारतीय जनता पार्टी को प्यार करती है। इस शानदार विजय के लिए मैं अपने कार्यकर्ताओं का अभिनंदन करता हूँ, उन्हें बधाई देता हूँ। मण्डल के कार्यकर्ताओं, त्रिदेव, बूथ कमेटी, जिला अध्यक्ष सभी को बहुत बहुत बधाई और बारंबार प्रणाम करता हूं।

*JMM मतलब झारखंड मिटाओ मोर्चा*
केन्द्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, हमारे प्यारे झारखंड को पूर्व प्रधानमंत्री श्रीमान अटल बिहारी वाजपेयी जी ने बनाया और इस झारखंड को श्रीमान नरेंद्र मोदी जी ने संवारने का काम किया है लेकिन आज झारखंड कहाँ से कहाँ पहुँच गया है। कहते हुए दुख और तकलीफ होती है कि, झारखंड आज तबाही और बर्बादी की तरफ है। जेएमएम का मतलब झारखंड मिटाओ मोर्चा हो गया है। जेएमएम का मतलब है जमीन माफिया, मर्डर माफिया और माईनिंग माफिया। श्री चौहान ने कहा कि, झारखंड में चारों तरफ लूट मची हुई है, भ्रष्टाचार चरम सीमा पर है। माफियाओं को सोरेन सरकार का संरक्षण प्राप्त है। हमने पहले देखा और सुना था कि, गली मोहल्लों में दूध और घी बाल्टियों पर रखकर बेचा जाता था, लेकिन झारखंड में पहली बार देखा कि, बालू भी बाल्टी में बेची जा रही है। बालू, ईट के दाम आसमान छूं रहे हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बनने वाले मकानों के लिए केन्द्र सरकार का पैसा तो गरीबों को मिल गया है लेकिन बालू-ईट के बढ़े हुए दामों से उन्हें घर बनाना मुश्किल हो गया है।

*अपहरण, बलात्कार, हत्या में अव्वल झारखंड*
केन्द्रीय कृषि मंत्री और झारखंड के चुनाव प्रभारी श्री शिवराज सिंह चौहान ने हेमंत सोरेन सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि, झारखंड अपहरण, बलात्कार और हत्या के मामलों में अव्वल है। श्री चौहान ने कहा कि, कांग्रेस और जेएमएम के गठबंधन ने झारखंड को क्या दिया है..? हेमंत सोरेन ने क्या दिया..? केवल हत्याएं, बलात्कार, अपहरण और संगीन अपराध ही दिए हैं। झारखंड में पिछले 4 साल में 7812 हत्याएं हुई हैं, 7115 बलात्कार हुए, अपहरण के 6937 मामले हुए।

झारखंड में 8592 दंगे हुए, 2721 लूट हुई और 485 डकैती के मामले हुए हैं। श्री चौहान ने कहा कि, कहाँ हमारा सपना स्वर्णिम झारखंड बनाने का था और जेएमएम-कांग्रेस ने कहां झारखंड को तबाह और बर्बाद करने का काम किया।

बांग्लादेशी घुसपैठिए खुलकर खेल रहे हैं
झारखंड चुनाव प्रभारी श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, हेमंत सोरेन सरकार में झारखंड की जनता को क्या मिला..? सोरेन सरकार ने विधानसभा चुनाव में अपना निश्चय पत्र जारी कर सैंकड़ों वादे किए थे, लेकिन साढ़े चार सालों में सोरेन सरकार ने एक भी वादा नहीं निभाया है। जनता से केवल झूठ बोला है, युवाओं, किसानों और बहनों से धोखा किया है। सोरेन सरकार ने 5 लाख नौकरियों का वादा किया था, लेकिन आज तक एक भी नौकरी नहीं मिली, सिर्फ होर्गिंड्स में ही नौकरियां मिली है। बेरोजगारी भत्ता स्नातक को 5 हजार रूपए और स्नातकोत्तर को 7 हजार रूपए देने का वादा किया था, लेकिन बेरोजगारी भत्ता भी आज तक किसी को नहीं मिला। गरीब बहनों से 2 हजार रूपए चूल्हा खर्च देने का वादा किया था, लेकिन किसी भी बहन को अब तक चूल्हा खर्च नहीं मिला। इस बेईमान सरकार ने माता-बहनों को केवल अपमान दिया है। झारखंड में बांग्लादेशी घुसपैठिए खुलकर खेल रहे हैं। आदिवासी महिलाओं से शादी कर उनकी जमीनें हड़पने का काम कर रहे हैं और सोरेन सरकार अपने वोट बैंक की भूख में आंखें मूंदे बैठी है।

मोदी जी ने झारखंड को संवारा

केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, एक तरफ जेएमएम कांग्रेस गठबंधन की बेईमान सरकार ने झारखंड को बर्बाद करने में कोई कसर नहीं छोड़ी वहीं दूसरी तरफ हमारे देश के प्रधानमंत्री श्रीमान नरेंद्र मोदी जी, भारतीय जनता पार्टी और एनडीए की सरकार ने झारखंड को बहुत कुछ दिया है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने झारखंड को नेशनल हाईवे के लिए 10 हजार 625 करोड़ रुपए दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *