जेएमएम कांग्रेस की सरकार ने जल, जंगल और जमीन को लूटा: मोहन यादव

0

DUMKA/RANCHI: दुमका में सोमवार को परिवर्तन यात्रा के समापन में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव शामिल हुए।

इस दौरान उन्होंने सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि बाबा वैद्यनाथ की पूजा करके आया हूं कि राज्य की इस पाप करने वाली हेमंत सरकार का अंत होना चाहिए।

राज्य की जेएमएम, कांग्रेस और आरजेडी की गठबंधन सरकार ने झारखंड को लोगों के साथ अन्याय किया है।

हेमंत सरकार जितना झूठ बोल सकती थी, उतना झूठ बोलकर आगे बढ़ती गई।

उन्होंने कहा कि आदिवासियों को प्रोत्साहित करने में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का अहम योगदान रहा है।

देश में पहली बार किसी आदिवासी महिला को देश का सर्वोच्च पद देकर राष्ट्रपति बनाने का कार्य मोदी जी ने किया है।

उन्होंने यह भी कहा कि इस राज्य में बाबा बैद्यनाथ की कृपा और भाजपा के कारण एक समृद्ध भविष्य छिपा हुआ है।

यहां की महिलाओं, मजदूरों और युवाओं में मेहनत और लगन की अपार क्षमता है, लेकिन झारखंड आज अपने नंबर वन स्थान को खोकर सबसे नीचे आ गया है, और इसका कारण हेमंत सरकार की नाकामी है।

सीएम यादव ने राज्य की जनता से कहा कि अब इस सरकार को न सहना है और न कुछ कहना है, बस इसे बदलकर रहना है। हालांकि, यह बदलाव आसान नहीं होगा। बदलाव क्यों करना है? क्योंकि राज्य में जेएमएम-कांग्रेस की सरकार ने लूट मचा रखी है।

यह सरकार केवल चुनाव जीतने के लिए वोट मांगती है और जनता से झूठ बोलती है।

हेमंत सरकार ने 2019 के चुनाव में जो वादे किए थे, उनमें से कितने वादे पूरे हुए हैं? उन्होंने 5 लाख युवाओं को नौकरी देने का वादा किया था, क्या किसी को नौकरी मिली?

उन्होंने आगे कहा कि हेमंत सोरेन की सरकार में लाखों-करोड़ों का घोटाला हुआ है। हेमंत सोरेन जी, अब कोई आपको कुछ कहे या न कहे, लेकिन बदलाव होकर रहेगा। जिसने घपला किया है, उसे जेल जाना पड़ेगा।

हेमंत सोरेन की सरकार ने झारखंड की जनता की भावनाओं को आहत किया है, और इसके लिए जनता गठबंधन सरकार को कभी माफ नहीं करेगी। हेमंत सरकार के दौरान 300 करोड़ का भूमि घोटाला और 100 करोड़ का खनिज घोटाला हुआ।

गठबंधन सरकार के एक नेता के घर से अवैध राशि मिलने पर सीएम यादव ने सवाल उठाते हुए कहा, “किस सांसद के घर से 300 करोड़ मिले थे?” ऐसे नेताओं को डूब मरना चाहिए, जब उनके नौकर के घर से करोड़ों रुपए बरामद हो रहे हैं।

उन्होंने आगे कहा, “सीमा पर जवान और खेत में किसान—मोदी जी ने जो कहा था, उसे पूरे देश और दुनिया में करके दिखाया है। इस बार झारखंड में अगर सरकार बनेगी, तो सिर्फ भाजपा की बनेगी।” परिवर्तन यात्रा में आई परेशानियों पर सीएम यादव ने कहा, “पूरी यात्रा के दौरान बारिश होती रही, फिर भी हमारे मतदाताओं का विश्वास कम नहीं हुआ। भाजपा हर कार्यकर्ता का ध्यान रखती है, और अगर मुझ जैसे व्यक्ति को मुख्यमंत्री बनने का अवसर मिला, तो वह देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की बदौलत मिला।”

उन्होंने हेमंत सरकार पर हमला करते हुए कहा, “इस सरकार ने जल, जंगल, और जमीन को लूटने का काम किया है। पेशा कानून के जरिए जल, जंगल, जमीन पर कब्जा किया जा रहा है। आज झारखंड में बेइमानों की टोली इकट्ठी हो गई है। गरीबों के लिए मकान बनाने का काम अगर किसी ने किया है, तो वह प्रधानमंत्री मोदी जी ने किया है।”

बांग्लादेशी घुसपैठ के मुद्दे पर हेमंत सरकार को घेरते हुए उन्होंने कहा, “झारखंड में लगातार खतरा बढ़ रहा है। बांग्लादेशी घुसपैठियों और रोहिंग्या मुसलमानों की संख्या बढ़ रही है, जबकि आदिवासियों की संख्या घट रही है। ऐसे में, आने वाले समय में हम एक-एक घर जाकर अपना वोट और संकल्प सुनाएंगे।”

अयोध्या में श्री राम मंदिर के निर्माण पर उन्होंने कहा, “आज के बदलते दौर में अयोध्या में भगवान श्री राम मुस्कुरा रहे हैं। जेएमएम, कांग्रेस और आरजेडी भगवान राम का सम्मान नहीं करते।” उन्होंने जनता से अपील की, “इस बार झारखंड में रोजगार, विकास और बदलाव के लिए संकल्प लेना ज़रूरी है कि हम किसी भी हालत में राज्य की हेमंत सोरेन सरकार को बदलकर रहेंगे।”

दुमका में आयोजित परिवर्तन सभा में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि चुनाव बहुत करीब है।

झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार हर दिन नई-नई घोषणाएं कर रही है, लेकिन पिछले पांच वर्षों में उन्होंने क्या किया, यह सबको पता है।

राज्य की जेएमएम-कांग्रेस गठबंधन सरकार पिछले पांच वर्षों में सिर्फ कमाई और जनता को लूटने में लगी रही।

अब राज्य सरकार योजनाओं की सौगात दे रही है, लेकिन जो जमीन उन्होंने लूटी थी, उसी का पैसा बांटा जा रहा है।

गठबंधन सरकार के नेताओं के घर से करोड़ों रुपए मिलने पर मरांडी जी ने कहा कि जब एक नौकर के घर से इतने करोड़ रुपये मिल सकते हैं, तो सोचिए हेमंत सरकार के पास कितना पैसा होगा।

पांच साल तक जेएमएम-कांग्रेस सरकार ने सिर्फ लूटपाट की।

बाबूलाल मरांडी ने कहा कि हेमंत सोरेन आज हर जगह घूम रहे हैं, अखबारों में उनकी तस्वीरें छप रही हैं, और टेलीविजन पर वे नजर आ रहे हैं। आगामी चुनाव के बदलाव पर उन्होंने कहा, “बस एक-दो महीने में चुनाव हो जाएगा।

चुनाव नजदीक है, इसलिए हेमंत सोरेन की सरकार जनता को लुभाने की कोशिश कर रही है।

लेकिन क्या उन्होंने पिछले वादों को पूरा किया?” हेमंत सोरेन ने वादा किया था कि हर महीने 2000 रुपये चूल्हा खर्च देंगे और लड़कियों की शादी में सोने का सिक्का देंगे, लेकिन कुछ नहीं दिया। बच्चियों को चांदी का सिक्का तक नहीं मिला।

उन्होंने विधवाओं और दिव्यांगों को 2500 रुपये पेंशन देने का वादा किया था, लेकिन इस सरकार ने कोई वादा पूरा नहीं किया। इस सरकार ने युवाओं, महिलाओं, विधवाओं, बुजुर्गों और गरीबों को धोखा दिया है।

उन्होंने आगे कहा कि जेएमएम ने नौजवानों से वादा किया था कि 5 लाख नौकरियां देंगे, और कसम खाई थी कि अगर नौकरी नहीं दी, तो राजनीति से संन्यास ले लेंगे।

लेकिन पांच सालों में युवाओं को नौकरी तो नहीं मिली, बल्कि उत्पाद सिपाही बहाली में दौड़ाते-दौड़ाते मौत जरूर हो गई। उन्होंने कहा कि जब किसी परिवार का जवान बेटा-बेटी मर जाता है, तो घर की क्या हालत होती होगी।

परीक्षाओं में हो रही गड़बड़ियों पर भी उन्होंने हेमंत सरकार को घेरा और कहा कि पेपर लीक करवाया गया। आज राज्य के युवा सड़कों पर आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन इस सरकार को उनकी कोई चिंता नहीं है।

उन्होंने कहा, “हेमंत सरकार ने मेरे खिलाफ छह-छह थानों में केस दर्ज करवा दिए।

अगर इस हेमंत सरकार को चोर नहीं कहेंगे, तो और क्या कहेंगे?” उन्होंने यह भी कहा कि झारखंड के नौजवानों के भविष्य के लिए अगर जेल भी जाना पड़ा, तो जाएंगे।

यह यात्रा तब तक चलती रहेगी, जब तक परिवर्तन नहीं हो जाता।

उन्होंने आगे कहा कि जेएमएम और कांग्रेस सिर्फ धोखा देने का काम करती हैं, जबकि भाजपा जो कहती है, वह करती है।

कांग्रेस ने 60 साल तक देश पर शासन किया, लेकिन उन्होंने कुछ नहीं किया।

उनके शासन में गांवों तक सड़क और बिजली तक नहीं पहुंच पाई। अंत में उन्होंने जनता से अपील की कि आने वाले चुनाव में भाजपा को अपना समर्थन दें।

 

बांग्लादेशी घुसपैठ से
परिवर्तन यात्रा कुशासन, अन्याय और धोखेबाजी करने वाली सरकार को बदलने का संकल्प

दुमका में आयोजित भाजपा की परिवर्तन यात्रा के समापन समारोह में पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि आज के समापन समारोह में हम संकल्प लेते हैं कि इस राज्य में व्याप्त कुशासन, महिलाओं पर हो रहे अत्याचार, और राज्य की जनता के साथ हो रही धोखाधड़ी को समाप्त करना है। यह परिवर्तन यात्रा इसी उद्देश्य से है। आज राज्य में माताएं-बहनें सुरक्षित नहीं हैं। संथाल की धरती पर आदिवासी बेटी रुपा तिर्की की हत्या हो जाती है।

अर्जुन मुंडा ने कहा कि राज्य में लोगों के साथ अन्याय और अत्याचार हो रहा है। बांग्लादेशी घुसपैठ बढ़ रही है, जिससे संथाल और कोल्हान की धरती खतरे में है। मसानजोर डैम के पास घर बनाकर लोगों को बसाया जा रहा है, और आदिवासियों की जमीन पर कब्जा किया जा रहा है। राज्य में कानून के साथ खिलवाड़ हो रहा है, और जेएमएम-कांग्रेस गठबंधन सरकार को जनता की परवाह नहीं है। यह सरकार यहां की जनता की सुरक्षा करने में असफल रही है।

उन्होंने आगे कहा कि भाजपा ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जो आदिवासियों को सुरक्षित रख सकती है। भाजपा ने जनजातीय समुदाय को आगे बढ़ाने का काम किया है और रेसिडेंशियल स्कूलों के काम के लिए धन आवंटित किया है। राज्य की गठबंधन सरकार ने उन लोगों के साथ समझौता करके झारखंड को बर्बाद करने का प्रयास किया है। इसलिए झारखंड को बचाने के लिए आने वाले दिनों में परिवर्तन जरूरी है। यह परिवर्तन व्यवस्था का, और आम नागरिक के जीवन को सुधारने का है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *