हॉकी इंडिया लीग में दिल्ली फ्रेंचाइजी के रूप में लॉन्च हुई एसजी पाइपर्स; श्रीजेश बने हॉकी निदेशक

0

नई दिल्ली। एपीएल अपोलो ग्रुप का हिस्सा एसजी स्पोर्ट्स, मीडिया और एंटरटेनमेंट (एसजीएसई) ने सात साल बाद वापसी कर रहे हॉकी इंडिया लीग (एचआईएल) के लिए शुक्रवार को अपनी फ्रेंचाइजी एसजी पाइपर्स के लॉन्च की घोषणा की। दो बार के ओलंपिक पदक विजेता, दिग्गज भारतीय गोलकीपर पीआर श्रीजेश को फ्रैंचाइज़ ने हॉकी निदेशक के रूप में नियुक्त किया है, जिससे वह लीग के सबसे हाई-प्रोफाइल नामो में से एक बन गए हैं। इस भूमिका के अलावा, श्रीजेश युवा प्रतिभाओं को निखारने में मदद करने के लिए एक सलाहकार की भूमिका भी निभाएंगे।

श्रीजेश एसजीएसई के लिए हॉकी के तकनीकी संचालन की देखरेख करेंगे और टीम को एचआईएल के लिए एक मजबूत फ्रैंचाइज़ बनाने की कोशिश करेंगे। भारतीय पुरुष हॉकी टीम के पूर्व कोच ग्राहम रीड, जिनके कार्यकाल में भारत ने 2021 में टोक्यो खेलों में ओलंपिक पदक जीतकर अपने 41 साल के इंतज़ार को समाप्त किया, उन्हें एसजी पाइपर्स की पुरुष टीम का मुख्य कोच नियुक्त किया गया है। जबकि डचमैन डेव स्मोलेनर्स को महिला टीम का मुख्य कोच बनाया गया है। स्मोलेनर्स वर्तमान में राष्ट्रीय महिला टीम के एनालिटिकल कोच के रूप में भारतीय हॉकी की सेवा कर रहे हैं। एफआईएच ग्रेड 1 कोच, स्मोलेनर्स ने नीदरलैंड की जूनियर महिला राष्ट्रीय टीम के लिए लगातार दो विश्व खिताब जीते हैं।

हॉकी इंडिया लीग में भागीदारी पर, एसजी स्पोर्ट्स, मीडिया और एंटरटेनमेंट के संस्थापक रोहन गुप्ता ने कहा, “हॉकी वास्तव में भारत का राष्ट्रीय खेल है और हॉकी से जुड़ना हमारे लिए बहुत सम्मान की बात है। भारतीय हॉकी की समृद्ध विरासत हमारी सबसे बड़ी प्रेरणा है और हम इस खेल के लिए एक मजबूत संस्कृति बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। हमारे टीम में श्रीजेश, ग्राहम और डेव जैसे नामों के साथ, मुझे यकीन है कि फ्रैंचाइज़ी एचआईएल के रोमांचक सीज़न में प्रभाव डालेगी।”

हाल ही में संन्यास लेने वाले श्रीजेश ने 2014 और 2022 में एशियाई खेलों में भारत के दोहरे स्वर्ण पदक में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, इसके अलावा वे हॉकी खिलाड़ियों की एक पीढ़ी के लिए एक प्रेरणादायक व्यक्तित्व हैं।

एसजी पाइपर्स के हॉकी निदेशक के रूप में अपनी नई भूमिका पर श्रीजेश ने कहा, “मैं हॉकी निदेशक के रूप में एसजी पाइपर्स का कार्यभार संभालने के लिए उत्साहित हूं। एक पेशेवर एथलीट के रूप में अपने रिटायरमेंट बाद, मैं देश में हॉकी खिलाड़ियों की अगली पीढ़ी को तैयार करना चाहता हूं और उस खेल को वापस देना चाहता हूं जिसने मुझे इतना कुछ दिया है। मैं कुछ प्रतिभाशाली युवाओं के साथ काम करने और एसजी पाइपर्स में एक मजबूत टीम संस्कृति बनाने में मदद करने के लिए उत्सुक हूं।”

श्रीजेश की नियुक्ति पर एसजी स्पोर्ट्स, मीडिया और एंटरटेनमेंट के सीईओ महेश भूपति ने कहा, “श्रीजेश एक प्रेरणा स्त्रोत हैं और दो बार के ओलंपिक पदक विजेता हैं। वह जानते हैं कि जीतने के लिए क्या करना पड़ता है, उनके पास साथियों का सम्मान है और एसजी यात्रा का हिस्सा बनने के लिए वे उत्साहित हैं। जब देश में हॉकी की बात आती है तो वह मुख्य नामों में से हैं और हम बहुत भाग्यशाली महसूस करते हैं कि उन्होंने हमारी दृष्टि को अपनाया और वह हमारी टीम में हैं। हमारा लक्ष्य एक बहुत ही सफल और लोकप्रिय फ्रैंचाइज़ी बनाने का है। यही कारण है कि हमने हॉकी निदेशक और मुख्य कोच तथा सहायक कोचों से इस तरह के नाम लिए हैं। हमने खुद को विजेताओं और ऐसे लोगों के साथ जोड़ा है जो विजेता टीमों का हिस्सा रहे हैं।”

एसजी स्पोर्ट्स, मीडिया एंड एंटरटेनमेंट, एपीएल अपोलो ग्रुप की एक सहायक कंपनी है, जिसकी शतरंज, क्रिकेट, टेबल टेनिस और फुटबॉल सहित कई तरह के खेलों में रुचि है। हॉकी इंडिया लीग में आठ पुरुष और छह महिला टीमें शामिल होंगी और यह दिसंबर 2024 से फरवरी 2025 तक खेली जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *