कमलनाथ-दिग्विजय कांग्रेस को नहीं बेटों को स्थापित करना चाहते हैं

0

भोपाल । मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को विपक्षी दलों के कांग्रेस के साथ गठबंधन पर बड़ा हमला बोला है । उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन बनने से पहले ही बिखर गया है। नीतीश कुमार ने भी कहा है कांग्रेस बाकी दलों की चिंता ही नहीं करती। इसके पहले भी अगर आप देखेंगे कांग्रेस ने कांग्रेस की चिंता की है और कांग्रेस में भी परिवारों की ही चिंता होती है। सोनिया गांधी से लेकर कमलनाथ और दिग्विजय सिंह तक सब अपने बेटे-बेटी को स्थापित करने में जुटे हैं।

सीएम शिवराज ने शुक्रवार को सतना में प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि सोनिया गांधी बेटा-बेटी को ही स्थापित करने में जुटे हैं। इसी परंपरा को कमलनाथ और दिग्विजय सिंह निभा रहे हैं। वे अपने बेटों को स्थापित करने में जुटे हैं। उनके बेटे तो टिकट भी घोषित करते हैं। पहले छिंदवाड़ा की टिकट बेटा घोषित करेगा और बाद में फिर कांग्रेस घोषित करेगी। उन्होंने कहा कि पर्दे के पीछे इंडी गठबंधन तो बिखर ही गया है कांग्रेस भी बिखेर रही है और अब सफाई देनी पड़ रही है हम साथ-साथ हैं। कांग्रेस के नेता तो जय-वीरू की जोड़ी बता रहे हैं। अब यह जोड़ी जय वीरू की जोड़ी नहीं है एक फिल्म आई थी मेरे अपने जिसमें श्याम और छेनू की जोड़ी दोनों अपने-अपने मोहल्ले में कब्जे के लिए लड़ते थे। यह बिखरी हुई कांग्रेस कभी प्रदेश का भला नहीं कर सकती।

सीएम शिवराज ने आरोप लगाया कि कमलनाथ की सरकार ने गरीबों की योजनाएं बंद करने का पाप किया था। उन्होंने कहा कि यह वही कांग्रेस है, जो भगवान राम को काल्पनिक बताती थी। कोर्ट में एफिडेविट देती थी। भगवान राम किस कमरे में पैदा हुए ये बताओ, पूछती थी।

इस दौरान शिवराज ने दावा किया कि उनकी सरकार ने भोपाल-इंदौर से भी ज्यादा पैसा रीवा और सतना के विकास पर खर्च किया है। वहीं, विंध्य ने कांग्रेस को सब दिया लेकिन कांग्रेस ने विंध्य को कुछ नहीं दिया। चाहे दिग्विजय सिंह जी का शासन काल हो या उससे पहले कांग्रेस की सरकारें रही हों। विकास की दृष्टि से हमेशा पिछड़ा रखने का पाप अगर किसी ने किया है तो वह कांग्रेस पार्टी है। कमलनाथ जी बताएं अपने सवा साल का कार्यकाल में विंध्य के लिए क्या किया? कितनी बार विंध्य के दौरे किए, क्या दिया विंध्य को? हम हिसाब देने को तैयार हैं विंध्य का जो विकास हुआ है भाजपा की सरकार में हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *