मप्र के नए मुख्‍यमंत्री डॉ. मोहन यादव प्रगतिशील मप्र बनाने की लेंगे शपथ

0

-शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत कई मंत्री, मुख्‍यमंत्री शामिल

भोपाल। मध्य प्रदेश में बुधवार से शिवराज का राज खत्म होने के बाद मोहन राज शुरू रहा है। मनोनीत मुख्यमंत्री मोहन यादव सुबह 11:30 बजे भोपाल के लाल परेड ग्राउंड में होने वाले समारोह में नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। मध्य प्रदेश में राजेंद्र शुक्ला और जगदीश देवड़ा उपमुख्यमंत्री होंगे। मुख्यमंत्री पद के दावेदारों में शामिल वरिष्ठ भाजपा नेता और नवनिर्वाचित विधायक नरेंद्र सिंह तोमर नए विधानसभा अध्यक्ष होंगे। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और अन्य राज्यों के मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्रियों एवं राज्यों के वरिष्ठ भाजपा नेता, प्रतिष्ठित हस्तियां और बुद्धिजीवियों के समारोह में मौजूद रहेंगे। शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा भोपाल पहुंच गए हैं। एयरपोर्ट पर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और मनोनीत मुख्यमंत्री मोहन यादव ने उनका स्वागत किया। बता दें कि भाजपा ने मध्य प्रदेश में 230 विधानसभा सीटों में से 163 सीटें हासिल कर शानदार जनादेश हासिल किया। छत्तीसगढ़ के मनोनीत मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शाम 4 बजे छत्तीसगढ़ के रायपुर के साइंस कॉलेज ग्राउंड में शपथ लेंगे। छत्तीसगढ़ की 90 विधानसभा सीटों में से बीजेपी को 54 सीटें मिलीं।

मोहन यादव ने भोपाल के खटलापुरा हनुमान मंदिर में की पूजा-अर्चना

मध्य प्रदेश के मनोनीत मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सुबह शपथ ग्रहण समारोह से पहले भोपाल के खटलापुरा हनुमान मंदिर में जाकर पूजा-अर्चना कर प्रभु से आशीर्वाद प्राप्‍त किया एवं समस्त प्रदेशवासियों के ऊपर अपनी कृपा बनाये रखने की प्रार्थना की।

शिवराज बोले- मोहन यादव मध्य प्रदेश को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे

मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मुझे पूरा विश्वास है कि वे प्रदेश की समृद्धि और विकास को और जनता के कल्याण को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे। मैं उनको शुभकामनाएं देता हूं। इसके बाद शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल के स्मार्ट पार्क में पौधरोपण किया।

शपथ ग्रहण से पहले मां का आशीर्वाद लेने पहुंच विष्णुदेव साय

शपथ ग्रहण समारोह से पहले छत्तीसगढ़ के मनोनीत मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय अपनी माता जी का आशीर्वाद लेने अपने पुरेना स्थित निवास स्थान पहुंचे। वहां उन्होंने अपनी माता जसमनी देवी का आशीर्वाद लिया। अपने बेटे की सफलता से भावुक हुई मां ने उन्हें गले लगा लिया और आशीर्वाद दिया। फिर उन्होंने परिवार के अन्य सदस्यों से भी मुलाकात की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *