भगवान बिरसा मुंडा समाधि स्थल की स्वच्छता एवं सौंदर्यीकरण को लेकर नगर आयुक्त ने किया निरीक्षण
विशेष सफाई अभियान चलाने एवं शेष कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने का दिया निर्देश
RANCHI: आगामी भगवान बिरसा मुंडा जयंती एवं झारखंड राज्य स्थापना दिवस के मद्देनजर 13 नवंबर को नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने कोकर स्थित भगवान बिरसा मुंडा समाधि स्थल का निरीक्षण कर वहां की स्वच्छता व्यवस्था एवं अन्य तैयारियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने संबंधित स्वच्छता टीम को समाधि स्थल एवं उसके आसपास विशेष सफाई अभियान चलाने, ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव करने तथा नियमित फॉगिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
वहीं, अभियंत्रण शाखा को स्थल पर शेष बचे कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण करने का निर्देश दिया गया।
इसके अतिरिक्त, नगर आयुक्त ने डिस्टिलरी पुल स्थित वेंडर मार्केट की ओर जालीनुमा घेराबंदी करने का निर्देश संबंधित अभियंताओं को दिया,
ताकि वेंडरों एवं अन्य लोगों द्वारा वहां कचरा न फेंका जाए तथा स्थल की स्वच्छता एवं साफ-सफाई बनी रहे।
इसके अलावा, इनफोर्समेंट शाखा को पूरे मार्ग पर अतिक्रमण मुक्त अभियान चलाने का निर्देश दिया गया।
नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को सभी आवश्यक तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने एवं स्थल पर स्वच्छता की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
मौके पर वार्ड पार्षद, सहायक नगर आयुक्त, कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता, नगर प्रबंधक सहित रांची नगर निगम की टीम उपस्थित रही।
