राजधानी के मोराबादी में फुटबॉल का घमासान 13 सितम्बर से
तीन दशकों से आयोजित मोराबादी चैलेंजर ट्रॉफी फुटबॉल टूर्नामेंट के शानदार और योजनाबद्ध आयोजन में होगी रोमांचक खिताबी जंग
RANCHI: पिछले 31 साल से राजधानी रांची के मोराबादी में लगातार आयोजित की जा रही मोराबादी चैलेंजर ट्रॉफी फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन इस वर्ष 13 सितम्बर से 20 सितम्बर 2026 तक मोराबादी क्रीड़ा केन्द्र द्वारा किया जायेगा।
राजधानी और आसपास के सभी फुटबाल प्रेमियों, खिलाड़ियों और फुटबॉल क्लबों के लिये बहु प्रतीक्षित इस टूर्नामेंट में इस बार भी प्रमुख फुटबाल क्लबों ने भाग लेना सुनिश्चित किया है।
इस संदर्भ में जानकारी देते हुए अधिवक्ता, भाजपा नेता और मोराबादी चैलेंजर ट्रॉफी फुटबॉल टूर्नामेंट के संयोजक डॉ. प्रणव कुमार बब्बू ने बताया कि न केवल रांची बल्कि राजधानी के आसपास के जिलों में भी इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट की ख्याति बहुत अधिक है और फुटबॉल प्रेमियों के साथ ही फुटबॉल खिलाड़ी और क्लब भी साल भर इसकी प्रतीक्षा करते हैं।
डाॅ. बब्बू ने बताया कि सामाजिक-वैचारिक संगठन रांची रिवोल्ट जन मंच और लक्ष्य डिफेंस अकादमी के सभी सदस्य भी इस आयोजन में अपना सक्रिय योगदान देंगे।
उन्होंने बताया कि झारखण्ड के खेल और खिलाड़ियों के लिये फुटबॉल, संजीवनी के समान है और वह सभी को उत्प्रेरित करने के साथ-साथ मनोरंजन का भी सशक्त माध्यम है।
इस वर्ष विजेता टीम को 71 हजार रुपये प्रदान किये जायेंगे जबकि उपविजेता टीम को 51 हजार रुपये मिलेंगे।
इसके साथ ही मैन ऑफ द मैच, मैन ऑफ़ द सीरीज, सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर जैसी अनेक श्रेणियों में भी पुरस्कार दिये जायेंगे।
