झारखंड को मिला नया मुख्य सचिव, अविनाश कुमार को कमान
RANCHI: झारखंड सरकार ने सोमवार को बड़ा प्रशासनिक बदलाव किया है।
वरिष्ठ आईएएस अविनाश कुमार (1993 बैच) को राज्य का नया मुख्य सचिव नियुक्त किया गया है।
कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग ने इस संबंध में अधिसूचना जारी की।
अविनाश कुमार अब तक ऊर्जा विभाग के अपर मुख्य सचिव पद पर कार्यरत थे।
साथ ही वे मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव, विकास आयुक्त, अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक झारखंड ऊर्जा विकास निगम लिमिटेड, प्रबंध निदेशक झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड तथा मुख्य स्थानिक आयुक्त, झारखंड भवन, नई दिल्ली के दायित्व भी संभाल रहे थे।
अधिसूचना के मुताबिक, मुख्य सचिव बनने के बाद भी वे मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव और मुख्य स्थानिक आयुक्त (नई दिल्ली) का अतिरिक्त प्रभार देखते रहेंगे।
अजय कुमार सिंह को विकास आयुक्त का प्रभार
इसके अलावा, 1995 बैच के आईएएस अधिकारी और स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह को अतिरिक्त दायित्व दिया गया है। अब वे अपने मौजूदा कार्यों के साथ-साथ विकास आयुक्त, झारखंड, रांची का भी प्रभार संभालेंगे।
झारखंड के इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल से न सिर्फ सत्ता के शीर्ष स्तर पर नई रणनीति तय होगी बल्कि आने वाले समय में राज्य की नीतिगत दिशा भी प्रभावित हो सकती है।
