57 विधायकों वाली सरकार से जनता का भरोसा उठा : सुदेश महतो
आजसू पार्टी की दो दिवसीय प्रदेश कार्यशाला का समापन
जनमुद्दों पर संघर्ष करें आजसू पार्टी कार्यकर्ता
RANCHI: आजसू पार्टी की दो दिवसीय झारखंड प्रदेश स्तरीय प्रखंड अध्यक्ष कार्यशाला आज सांडी, रामगढ़ के कम्युनिटी सेंटर में सम्पन्न हो गई।
कार्यशाला में प्रखंड अध्यक्षों को संगठन मजबूत करने पर मंथन हुआ और संगठन को ग्राम स्तर पर पुनर्गठित करने की रणनीति बनी।
कार्यशाला में झारखंड के सभी जिला, प्रखंड तथा नगर समितियों के अध्यक्ष एवं प्रभारी उपस्थित रहे।
कार्यशाला को केंद्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो, केंद्रीय उपाध्यक्ष एवं सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी, पूर्व मंत्री एवं प्रधान महासचिव रामचंद्र सहिस,
विधायक निर्मल महतो, डॉ लंबोदर महतो, डॉ देवशरण भगत, प्रवीण प्रभाकर, हसन अंसारी, हरेलाल महतो, दीपक महतो, बसंत महतो आदि ने संबोधित किया। स्वागत जिलाध्यक्ष दिलीप दांगी ने किया।

केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो ने कार्यशाला स्थल पर पार्टी का झंडा फहराया और शहीद बेदी पर पुष्प अर्पण किया। इसके बाद उन्होंने दीप प्रज्वलित कर आज के सत्र की शुरुआत की।
अपने संबोधन में सुदेश महतो ने कहा कि आज राज्य चुनौतीपूर्ण मोड पर खड़ा है। राज्य के 57 विधायकों वाली सरकार से जनता का भरोसा उठ चुका है।
उन्होंने कहा कि आजसू कार्यकर्ता राज्य को नेतृत्व देने के लिए संगठन की धार तेज करें। उन्होंने कहा कि जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत बनाएं और जनमुद्दों पर संघर्ष करें। श्री महतो ने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता आजसू की विचारधारा को जन जन तक पहुंचाएं।
छात्रवृत्ति पर आजसू का आंदोलन
प्रभावी रहा : चंद्रप्रकाश चौधरी
सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी ने कहा कि पूरे राज्य में पार्टी को मजबूत करने और सभी प्रखंडों में सक्रियता बढ़ाने के लिए कार्य करें।
उन्होंने कहा कि आजसू ने हमेशा जनता के हक की आवाज बुलंद की है। छात्रवृत्ति के मुद्दे पर आजसू छात्र संघ का आंदोलन प्रभावी रहा है।
पूर्व मंत्री रामचंद्र सहिस ने कहा कि योजनाबद्ध ढंग से संगठन को मजबूत करें। उन्होंने कहा कि सुदेश महतो बेदाग नेता रहे हैं।
केंद्रीय महासचिव डॉ लंबोदर महतो ने विशेष मतदाता पुनरीक्षण की बारीकियों पर प्रकाश डाला और चुनाव आयोग को सहयोग करने की बात कही।
विषय प्रवेश करवाते हुए केंद्रीय उपाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर ने कहा कि आजसू ने संघर्ष कर अलग राज्य लिया है। झामुमो हमेशा झारखंड विरोधी राजद–कांग्रेस के साथ रहा है।
विधायक निर्मल महतो ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए कहा कि आज की कार्यशाला संगठन को मजबूत करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।
