यह राष्ट्र, संविधान, महिला और आदिवासी का अपमान है : संजय सेठ

0
Screenshot_20250127_195505_Chrome

राष्ट्रपति को अपमानित करने वाली कांग्रेस जनता से माफी मांगे

संसद को मनोरंजन स्थल समझने वाली कांग्रेस और सोनिया ने राष्ट्रपति का अपमान किया

विकसित भारत की मजबूत नींव है राष्ट्रपति का अभिभाषण

RANCHI:  कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद सोनिया गांधी के द्वारा राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी को पुअर लेडी कहने पर रक्षा राज्य मंत्री  संजय सेठ ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है।

उन्होंने इसे संविधान विरोधी, राष्ट्र विरोधी, महिला विरोधी और आदिवासी विरोधी करार दिया है।

रक्षा राज्य मंत्री ने एक बयान में कहा कि बजट से पूर्व राष्ट्रपति का अभिभाषण हमारे भविष्य के सपनों की नींव होता है।

आज भी अपने अभिभाषण में माननीय राष्ट्रपति ने विकसित भारत की मजबूत नींव रखने का कार्य किया है परंतु संसद को मनोरंजन स्थल समझने वाले कांग्रेसी नेताओं ने इनका उपहास उड़ाया।

राहुल गांधी ने राष्ट्रपति के अभिभाषण को बोरिंग बताया। सोनिया गांधी ने पुअर महिला और बेचारी महिला कहकर उन्हें अपमानित किया।

यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि संवैधानिक तरीके से चुनी गई राष्ट्रपति का अपमान नकली गांधी परिवार के लोग कर रहे हैं।

प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी विकसित भारत के लक्ष्य के साथ सभी देशवासियों को लेकर आगे बढ़ रहे हैं। इस कड़ी में भाजपा ने ही एक आदिवासी महिला को देश के सर्वोच्च पद पर आसीन कर देश का गौरव बढ़ाया।

आदिवासी समाज का गौरव बढ़ाया। सोनिया गांधी का यह बयान आदिवासियों का भी अपमान करने वाला है और देश की सशक्त नारी शक्ति का अपमान है।

श्री सेठ ने कहा कि यह आश्चर्यजनक है कि एक महिला एक महिला के बारे में ऐसा कैसे सोच सकती है।

परंतु जिन्हें तानाशाही करने की आदत लग गई हो, वह किसी को भी बर्दाश्त नहीं कर सकते। कांग्रेस ने अपने शासनकाल में लोकतंत्र और संसद को सिर्फ मनोरंजन स्थल बनाकर रखा था।

आज भी वह ऐसा ही करना चाहते हैं। परंतु देश की जनता मोदी जी के नेतृत्व में मजबूती से इनका प्रतिवाद करने को खड़ी है।

संजय सेठ ने सोनिया गांधी और पूरे कांग्रेस परिवार को देश से सार्वजनिक माफी मांगने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *