गरमा (जायद) फसलों में मिलेट्स फसलों के खेती की अपार संभावनाए : डॉ ओंकार नाथ सिंह 

गर्मियों में बीएयू के तकनीकी पार्क में मिलेट्स फसलों का बेहतर प्रदर्शन 
RANCHI: कृषि मंत्रालय, भारत सरकार ने 28 अप्रैल,2023 को जारी आंकड़ों में इस वर्ष गर्मियों की फसल (गरमा फसल) यानि जायद फसल का रकबा मामूली घटकर 65.29 लाख हेक्टेयर बताया है।
जबकि दलहन और मोटे अनाज (मिलेट्स फसल) का रकबा बढ़ी है. आंकड़ों के  मुताबिक चालु गरमा (जायद) खेती में मोटे अनाज का बुवाई क्षेत्र 10.19 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 10.86 लाख हेक्टेयर बताया गया है।
यूएनओ द्वारा घोषितअंतरराष्ट्रीय मिलेट्स वर्ष- 2023 में यह एक सकारात्मक संकेत है।
कुलपति डॉ ओंकार नाथ सिंह की पहल पर मिलेट्स शोध से जुड़े वैज्ञानिकों ने 18 मार्च, 2023 को गरमा फसल के रूप में प्रोसो मिलेट्स (चिना  प्रभेद-जीपीयूपी), लिटिल मिलेट्स (गुन्दली प्रभेद-बिरसा गुन्दली) एवं रागी (प्रभेद – बिरसा मडुआ – 3 एवं बिरसा सफ़ेद मडुआ -1) की बुवाई की।
विश्वविद्यालय के कृषि तकनीकी पार्क में के खेतों में तीनों फसलें गर्मी भरी मई माह लहलहा रही है।
इन खड़ी फसलों का कुलपति ने शुक्रवार को निदेशक अनुसंधान डॉ पीके सिंह, डीन एग्रीकल्चर डॉ डीके शाही एवं 15 सदस्यीय वैज्ञानिकों के साथ भ्रमण किया. मौके पर फसल के प्रदर्शन पर चर्चा एवं फसल के विकास की तकनीकी समीक्षा किया गया।
बीएयू कुलपति की इस पहल से प्रदेश में भी गरमा फसल के रूप में मिलेट्स की सफल खेती संभावना बढ़ गयी है।
कुलपति डॉ ओंकार नाथ सिंह बताते है कि केंद्र एवं राज्य सरकार मोटे अनाजों की खेती के लिए किसानों को प्रोत्साहित एवं इसके उत्पादों को बढ़ावा दे रही  है।
आमतौर पर धान और गेहूं की तुलना में मोटे अनाजों की खेती में सिंचाई और उर्वरक के साथ मजदूरी की लागत खर्च करीब 20 % तक कम होती है।
मिलेट्ल पर्यावरण के अनुकूल और कम जोखिम वाली फसलें होती हैं।
इसीलिए टिकाऊ खेती में इन्हें प्रदेश के शुष्क और अर्ध शुष्क क्षेत्रों में अपनाने के लिए प्रोत्साहित किये जाने की अपार संभावनाएं मौजूद है।
निदेशक अनुसंधान डॉ पीके सिंह ने कहा कि प्रदेश में खरीफ मौसम में खरपतवार की अधिकता की वजह से गुन्दली फसल का बढ़िया विकास नहीं होता है गरमा खेती में गुन्दली फसल का बढ़िया प्रदर्शन एक शुभ संकेत है।
मिलेट्स फसलों की मिश्रित खेती से भी किसान लाभ ले सकते  हैं
 वहीं मिलेट्स फसलों में कीटों तथा बीमारियों से लड़ने की क्षमता से भी फसल नुकसान से बचा जा सकता है।
मौके पर डीन एग्रीकल्चर डॉ डीके शाही ने मिलेट्स की खेती में पोषक तत्वों की स्थिरता में वृद्धि तथा मिट्टी की उर्वरता में सुधार से उत्पादकता में बढ़ोतरी की बात कही।
तकनीकी पार्क में मिलेट्स फसलों को बीएयू में संचालित आईसीएआर – अखिल भारतीय समन्वित अनुसंधान परियोजना (मिलेट्स फसल) के तहत प्रदर्शित किया जा रहा है।
परियोजना अन्वेंषक डॉ अरुण कुमार ने बताया कि इस शोध सफलता से गर्मियों में मिलेट्स फसलों की खेती को बढ़ावा मिलेगा।
पोषक गुणों से भरपूर मिलेट्स फसलों की वैज्ञानिक खेती से किसान बढ़िया आय प्राप्त कर सकते है।
राज्य के ईच्छुक बिरसा किसान, विश्वविद्यालय के अनुवांशिकी एवं पौधा प्रजनन विभाग के परियोजना ईकाई में वैज्ञानिकों से निः शुल्क तकनीकी जानकारी ले सकते है।
मिलेट्स फसलों का प्रमाणित बीज निर्धारित दर पर खरीद सकते है।
भ्रमण के दौरान अनुवांशिकी एवं पौधा प्रजनन विभाग की अध्यक्षा डॉ मनिगोपा चक्रवर्ती के अलावा मिलेट्स शोध कार्यो से जुड़े वैज्ञानिकों में डॉ मिलन चक्रवर्ती, डॉ सबिता एक्का, डॉ शीला बारला भी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

खबरें एक नजर में….