दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के बाद रातभर सफाई में जुटा रांची नगर निगम

RANCHI : विजयादशमी की रात जब पूरा रांची शहर “जय माँ दुर्गा” के जयघोष में डूबा था और आसमान से लगातार बारिश हो रही थी,
उसी समय रांची नगर निगम की टीमें शहर को स्वच्छ बनाने के मिशन पर निकल पड़ीं।
दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन के बाद शहर के विभिन्न जलाशयों में फूल-मालाओं, थर्माकोल और कपड़ों के टुकड़ों की परतें जमा हो गई थीं।
लेकिन निगम के स्वच्छता कर्मियों ने बारिश, कीचड़ और अंधेरी रात की परवाह किए बिना सफाई अभियान शुरू कर दिया।
निगम प्रशासक सुशांत गौरव के निर्देश पर स्वच्छता शाखा ने 24 घंटे के भीतर सभी जलाशयों को साफ करने का लक्ष्य निर्धारित किया। इसके तहत रातभर कर्मी रेनकोट पहनकर, फावड़ा और टोकरी लेकर घाटों पर जुटे रहे।
बड़ा तालाब, चडरी तालाब, जेल तालाब, कांके डैम, धुर्वा डैम, बटन तालाब, करमटोली तालाब, बनस तालाब, जगन्नाथपुर तालाब, अरगोड़ा तालाब, हेसग तालाब, तेतर टोली तालाब, स्वर्णरेखा घाट सहित शहर के लगभग सभी प्रमुख जलाशयों पर युद्धस्तर पर सफाई अभियान चलाया गया।
सुबह होते-होते तालाबों का रूप बदल गया — फूल-मालाओं, लकड़ी, कपड़ों और प्लास्टिक से भरे घाट अब फिर से स्वच्छ, शांत और चमकदार नजर आने लगे।
नगर निगम की टीमों ने सभी जलाशयों में ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव, कीटाणुनाशक दवा का उपयोग और आस-पास की साफ-सफाई भी की, ताकि पानी दूषित न हो और नागरिकों का स्वास्थ्य सुरक्षित रहे।
निगम प्रशासक ने बताया कि यह सफाई अभियान यहीं नहीं रुकेगा। आगामी छठ महापर्व तक लगातार सफाई अभियान जारी रहेगा, ताकि श्रद्धालु स्वच्छ और सुरक्षित घाटों पर पूजा-अर्चना कर सकें।
रांची नगर निगम ने सभी पूजा समितियों, श्रद्धालुओं और नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए अपील की है।
“हम सब मिलकर रांची को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण अनुकूल बनाए रखें, ताकि हर पर्व सिर्फ आस्था का नहीं, बल्कि स्वच्छता का भी उत्सव बने।”