डॉ कश्यप इस संस्था के एक महत्वपूर्ण स्तंभ रहे हैं: रिम्स निदेशक

रिम्स के डीन डॉ (प्रो.) विवेक कश्यप तीन दशक से अधिक के अपने कार्यकाल के बाद सेवानिवृत्त
RANCHI: राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान/रिम्स के डीन डॉ (प्रो.) विवेक कश्यप तीन दशक से अधिक के अपने कार्यकाल के बाद सेवानिवृत्त हो गए।
इस मौके पर विदाई समारोह का आयोजन किया गया
जिसमें रिम्स निदेशक डॉ (प्रो.) कामेश्वर प्रसाद, चिकित्सा अधीक्षक डॉ हीरेन्द्र बिरुआ, चिकित्सा उपाधीक्षक डॉ शैलेश त्रिपाठी, विभिन्न विभागों के डॉक्टर व अन्य अधिकारी उपस्थित रहें|
डॉ कामेश्वर प्रसाद ने कहा कि डॉ कश्यप इस संस्था के एक महत्वपूर्ण स्तंभ रहे हैं।
संस्था को रिटायर हो रहे लोगों से प्रेरणा लेकर उन्हें अपना आदर्श बनाना चाहिए ताकि संस्था को आगे ले जाए जा सके।
डॉ कश्यप ने भावुक होते हुए कहा कि जब भी संस्था को जरूरत होगी वो उपलब्ध रहेंगे।
1980 में एमबीबीएस व 1986 में स्नातकोत्तर (पीजी) की पढ़ाई पूर्ण करने के पश्चात प्रो कश्यप 1986 में सरकारी सेवा से जुड़े थे।
अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने विभिन्न पदों पर सेवाएं प्रदान की हैं।
राजेन्द्र आयुर्विज्ञान संस्थान से जुड़ने से पहले डॉ कश्यप पाटलिपुत्र मेडिकल कॉलेज, धनबाद में सहायक प्राध्यापक और एमजीएम मेडिकल कॉलेज जमशेदपुर में सह-प्राध्यापक के तौर पर कार्यरत थे।
रिम्स में प्रो कश्यप 15 अगस्त 2002 से अब तक निवारक और सामाजिक चिकित्सा (पीएसएम) विभाग से प्राध्यापक के पद पर कार्य कर चुके हैं।
फ़रवरी 2016 से 31 दिसंबर 2021 तक प्रो कश्यप पीएसएम विभाग के विभागाध्यक्ष भी रह चुके हैं।
साथ ही नवंबर 2010 से 2022 तक उन्होंने झारखंड राज्य पैरामेडिकल काउंसिल के कार्यकारी निदेशक सह सदस्य सचिव के तौर पर भी अहम भूमिका निभाई है।
इसके पश्चात उन्हें मई 2018 में चिकित्सा अधीक्षक की कमान सौंपी गया।
इस पद पर प्रो कश्यप ने फ़रवरी 2022 तक अपनी सेवाएं दी जिसके बाद वे रिम्स के डीन बनें.
उनके सक्षम मार्गदर्शन के तहत मेडिकल कॉलेज के छात्रों के लिए कई गतिविधियों को प्रोत्साहित किया गया और कई सुविधा भी प्रदान की गयी।
उन्होंने विभिन्न अवसरों पर प्रभारी निदेशक के रूप में कार्य करने के अलावा विभिन्न अवसरों पर विभिन्न समितियों में विभिन्न क्षमताओं में प्रभावी ढंग से कार्य किया।
रिम्स समस्त स्टाफ ने डॉ कश्यप को भावभीनी विदाई देकर उनके उज्जवल व सुखद भविष्य की कामना की।