केन्द्रीय राज्य मंत्री ने किया रांची सदर परियोजना के चोरेयाटोली स्थित आंगनबाड़ी केन्द्र का भ्रमण

केन्द्रीय राज्य मंत्री ने आंगनबाड़ी केंद्र के संचालन की सराहना की
जिला प्रशासन द्वारा प्ले स्कूल के तर्ज पर संचालित है आंगनबाड़ी केंद्र
RANCHI: केन्द्रीय राज्यमंत्री महिला एवं बाल विकास एवं आयुष भारत सरकार डॉ मुंजापारा महेन्द्रभाई जी ने आज रांची सदर परियोजना के चोरेयाटोली स्थित आंगनबाड़ी केन्द्र का भ्रमण किया ।
भ्रमण के क्रम में आंगनबाड़ी केन्द्र पर सेविका-सहायिका एवं लाभुक महिलाओं द्वारा मंत्री महोदय का झारखण्ड के पारंपरिक रीति रिवाज से स्वागत किया गया।
आंगनबाड़ी केन्द्र चोरेयाटोली मॉडल आंगनबाड़ी केन्द्र है। जिसे जिला प्रशासन द्वारा प्ले स्कूल के तर्ज पर संचालित किया जा रहा है। राज्यमंत्री द्वारा उक्त केंन्द्र के बच्चों से भी वार्ता की गई एवं बच्चों को प्रोत्साहित करते हुए टॉफी देकर उत्साहवर्धन किया गया।
बच्चों से बातचीत करते राज्य मंत्री द्वारा कविता सुनाने आग्रह किया गया। जिस पर आंगनबाड़ी केन्द्र के बच्चों द्वारा बड़ी उत्सुकता एवं ऊर्जा के साथ कविता सुनाया गया। माननीय राज्यमंत्री द्वारा तालियों के साथ बच्चों का उत्साहवर्धन किया गया।
मंत्री द्वारा आंगनबाड़ी केन्द्र संचालन के संबंध में आंगनबाड़ी सेविका से पूछताछ की गई। आंगनबाड़ी सेविका, महिला पर्यवेक्षिका, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी एवं जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, राँची द्वारा विस्तार पूर्वक अपने-अपने स्तर से किए जा रहे प्रयासों एवं दायित्वों की जानकारी दी गई। माननीय राज्यमंत्री द्वारा आंगनबाड़ी केन्द्र संचालन एवं रख-रखाव की सराहना की गई।
इस दौरान केन्द्रीय राज्यमंत्री के साथ, भारत सरकार के पदाधिकारीगण, राज्य सरकार के पदाधिकारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, रांची श्रीमती श्वेता भारती, सदर परियोजना सीडीपीओ एवं संबंधित क्षेत्र की सेविका-सहायिका आदि उपस्थित थी।