भाजपा देश को तोड़ने का काम कर रही है ,इस लिए विपक्ष को एकजुट होने की जरूरत – राहुल
(नई दिल्ली) : कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को कहा कि भाजपा सरकार देश को तोड़ने का काम कर रही है। इस लिए पूरे विपक्ष को एकजुट होने की जरूरत है।
राहुल ने शुक्रवार को आरजेडी नेता शरद यादव के आवास पर जाकर उनसे मुलाकात की। मुलाकात के बाद उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार के पास देश चलाने का कोई विजन नहीं हैं। जिस दिशा में देश की अर्थव्यवस्था जा रही है उससे आने वाले दिनों में हालात और गंभीर होंगे। इस सरकार ने देश के आर्थिक ढांचे को तबाह कर दिया है।
भाजपा सरकार देश को बाँटने का काम कर रही है
राहुल ने कहा कि भाजपा सरकार देश को बांटने की राजनीति कर रही है। यह सरकार एक भारत के सूत्र को तोड़ रही है। अगर भाजपा इसमें कामयाब होती है तो देश में हिंसा बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि देश में महंगाई, बेरोजगार बढ़ रही है। चीन हमें आंखें दिखा रहा है। वह लगातार दावा कर रहा है कि लद्दाख और अरुणाचल प्रदेश उसका है। ऐसे में यह सरकार पूरी तरह से घिरी हुई है।
राहुल ने कहा कि शरद यादव से उन्होंने बहुत कुछ सीखा है। वह अस्वस्थ थे इसलिए उनसे मिलने आए थे। इस दौरान शरद यादव ने भी कहा कि अगर राहुल गांधी को कांग्रेस का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया जाता है तो विपक्ष और कांग्रेस दोनों मजबूत होंगे।