बुलडोजर मामा के समने, क्रेन लाई कांग्रेस
(भोपाल) : मध्यप्रदेश में बीजेपी और कांग्रेस की लड़ाई अब बुलडोजर वर्सेस क्रेन पर आ गई है। सीएम के रूप में शिवराज सिंह की चौथी पारी के 2 साल पूरे होने पर बीजेपी ने उनका बुलडोजर से स्वागत किया था। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इसका जवाब क्रेन से दिया है। आपको याद होगा कुछ दिन पहले भोपाल में हुजूर विधायक रामेश्वर शर्मा ने अपने बंगले पर बुलडोजर परेड करवाई थी। अब सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पार्टी बैठक में शामिल होने राजधानी पहुंचे युवक कांग्रेस के राष्ट्रीय नेताओं के स्वागत में उन्हें क्रेन की मदद से माला पहनाई। जिसके बाद राजनीतिक गलियारों में भाजपा की बुलडोजर और कांग्रेस की क्रेन की टक्कर की चर्चा होने लगी। राजनीतिक एक्सपर्ट्स इसे भाजपा को कांग्रेस का जवाब भी बता रहे हैं।
मिशन 2023 विधानसभा चुनाव
दरअसल, मिशन-2023 की तैयारियों के मद्देनजर सोमवार को भोपाल स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में युवा कांग्रेस की बैठक हुई। जिसमें पूर्व सीएम कमलनाथ के अलावा युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रभारी कृष्णा अल्लावरु, संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास बीवी और मप्र युवा कांग्रेस अध्यक्ष विक्रांत भूरिया भी शामिल हुए।बैठक में प्रदेश पदाधिकारियों, जिला व विधानसभा अध्यक्षों, प्रकोष्ठों के चेयरमैन, वाइस चेयरमैन, प्रदेश प्रवक्ताओं को बुलाया गया था। यहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने युवा कांग्रेस के प्रभारी कृष्णा अल्लावरु व श्रीनिवास बीवी को क्रेन की मदद से विशाल माला पहनाई।युवा कांग्रेस के बड़े पदाधिकारियों के स्वागत के लिए कार्यकर्ताओं में होड़ भी मची रही। अल्लावरु और श्रीनिवास सीधे कार्यालय में पहुंच गए तो उन्हें दोबारा कार्यालय के बाहर बुलाया गया और आतिशबाजी की गई।
मिशन 2023 से जोड़कर देख रहे
युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय नेताओं के इस भव्य स्वागत के बाद क्रेन चर्चा में आ गई। बताया जा रहा है कि बीजेपी के बुलडोजर के खिलाफ कांग्रेस ‘क्रेन’ को चुनावी रण में उतार सकती है। इसे मिशन 2023 से जोड़कर भी देखा जा रहा है। दोनों दलों का ‘प्लान-ए’ भी यही है कि 2023 के विधानसभा चुनाव को जीतकर सत्ता में आना।
माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई को लेकर श्रेय की होड़
प्रदेश सरकार का दावा है कि माफियाओं पर बुलडोजर चलाया जा रहा है। वहीं, पूर्व सीएम कमलनाथ भी कहते हैं कि उन्होंने ही माफियाओं के खिलाफ बुलडोजर चलवाया था। प्रदेश में माफिया विरोधी अभियान कांग्रेस की सरकार के समय में ही शुरू हुआ था।
विधायक ने कराई थी बुलडोजर की परेड
उत्तरप्रदेश के विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने योगी आदित्यनाथ को बुलडोजर बाबा कहकर प्रमोट किया। इसके बाद मप्र में शिवराज सिंह चौहान को भी बुलडोजर मामा के रूप में प्रमोट किया जाने लगा। पिछले दिनों शिवराज सरकार के दो साल पूरे होने पर हुजूर विधायक रामेश्वर शर्मा ने बुलडोजर की परेड कराकर उनका स्वागत किया था।